घर में घुसकर महिला के साथ छेड़छाड़, विरोध पर किया हमला
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला से हुए विवाद के बाद दंपती ने घर में घुसकर उसको पीटा। साथ ही आरोपी व्यक्ति ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ भी की। मामले में अब देहात कोतवाली पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बीते दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें उसने बताया कि मोहल्ला निवासी आरोपी राजीव गुप्ता व उसकी पत्नी पायल गुप्ता के साथ बीते दिनों उसका विवाद हो गया था। इसके बाद आरोपी दंपति उसके घर में घुस आए। साथ ही उनके साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपी व्यक्ति ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ भी की।
शोर होने पर अन्य लोगों को एकत्र होते हुए देख आरोपी उन्हें हत्या की धमकी देकर भाग निकले। पीड़िता ने थाना पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सीओ सिटी शशांक सिंह ने बताया कि मामले में अब देहात कोतवाली पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।