फौजी से मांगी रंगदारी, न देने पर दी हत्या की धमकी
बुलंदशहर। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव डूंगराजाट निवासी फौजी से व्हाट्सएप कॉल कर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रकम न देने पर उसे हत्या की धमकी भी दी गई है। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र के जरिये आशंका जताई है कि आरोपी के पास उसकी निजी जानकारी भी हो सकती है। साथ ही वह उसकी व आर्मी की किसी जानकारी को भविष्य में लीक भी कर सकता है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव डूंगराजाट निवासी आलोक कुमार ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह 23 जाट रेजीमेंट अरुणांचल प्रदेश में तैनात है। बताया कि गत 12 जनवरी को उनके फोन पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। साथ ही आरोपी ने उनसे दस लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। रुपये न देने पर आरोपी ने उसकी हत्या करने की धमकी भी दी। आरोप है कि उससे पूर्व 11 जनवरी की रात को भी अज्ञात आरोपी ने उसके घर के नंबर पर कॉल कर दस लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपी उसके दस्तावेजों और भविष्य में आरोपी पीड़ित या आर्मी से संबंधित जानकारियों को लीक कर सकता है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने थाना पुलिस को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।