विधानसभा चुनावों के लिए बसपा ने तीन और सीटों पर टिकट की घोषणा की है। अब जिले में बसपा की ओर से पांच विधानसभाओं पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। जबकि दो विधानसभा सीटों पर शुक्रवार को प्रत्याशी घोषित होने की उम्मीद है। बसपा जिलाध्यक्ष कमल राजन ने बताया कि पार्टी की ओर से जिले में सिकंदराबाद सीट से मनवीर गुर्जर, अनूपशहर से रामेश्वर लोधी, डिबाई से करनपाल लोधी को प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले स्याना से पंडित सुनील भारद्वाज तथा खुर्जा से विनोद प्रधान को पार्टी ने टिकट दिया था। जिलाध्यक्ष कमल राजन ने कहा कि बसपा सभी दलों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा यह पहले ही बता चुके हैं कि इस समय उम्मीदवारों की कतार है और एक-एक सीट पर कई-कई उम्मीदवार लाइन में लगे हुए हैं। जबकि दूसरे दलों के पास उम्मीदवार तक पूरे नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बसपा सभी दलों की पार्टी है और खासतौर से ब्राह्मण वर्ग इस बार बसपा को अपना समर्थन प्रदान कर रहा है। यही कारण है कि 2007 की तरह सोशल इंजीनियरिंग भी जिसे कहा जाता है बसपा सुप्रीमो वही कर रही हैं। हमें इस बात का पूरा भरोसा है कि 2007 जैसे ही परिणाम इस चुनाव में आने वाले हैं। इसके लिए विभिन्न सीटों पर उनकी तैयारी हो चुकी है और उम्मीदवारों का चुनाव उनकी क्षमता को देखते हुए किया जा रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने साफ कर दिया कि बसपा सुप्रीमो मायावती चुनाव नहीं लड़ेंगी। इसके साथ ही वो भी चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे। उनका दावा है कि समाजवादी पार्टी 400 सीटें तो तब जीतेगी जब उसे 400 उम्मीदवार मिलेंगे।