25 लाख की दवाओं से भरे ट्रक को चुराकर भागे बदमाश को पकड़ा
बुलंदशहर। बदमाशों ने अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में लाखों रुपये कीमत की दवाओं से भरा ट्रक चोरी कर लिया। जिसे पुलिस ने अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र से बरामद किया है। साथ ही ट्रक से माल व अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि चोर ट्रक को इगलास क्षेत्र में छोड़ कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, कन्नौज निवासी अमित यादव का ट्रक अलीगढ़ के थाना पाली निवासी राकेश चलाते हैं। सोमवार शाम को वह ट्रक में हापुड़ के पिलखुआ से दवाईयां लादकर वाराणसी के लिए निकला था। ट्रक में करीब 25 लाख रुपये की दवाईयां लदी हुई थीं। उसने बताया कि रात में करीब डेढ़ बजे वह अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खुदादिया के निकट पहुंचा था, जहां वह शौच के लिए ट्रक से उतरा। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसका ट्रक चोरी कर लिया। ट्रक में उसके कागजात और मोबाइल फोन आदि भी था। पीड़ित ने किसी तरह अपने मालिक व पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और आस पास के थाना क्षेत्रों में भी पुलिस को अलर्ट कर दिया। मंगलवार को पुलिस को वह ट्रक अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में खड़ा हुआ मिला। ट्रक में दवाईयों का पूरा माल भरा हुआ था। जबकि, पीड़ित का फोन व अन्य सामान भी बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस के चेकिंग करने की भनक पड़ते ही चोर ट्रक को वहां छोड़ कर भाग निकले। थाना पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।