बुगरासी में बुखार से महिला की मौत
बुगरासी। सोमवार की शाम कस्बा निवासी 48 वर्षीय महिला मनु सिंघल की बुखार से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, मनु सिंघल को एक सप्ताह पूर्व बुखार आया था। मनु का शुरू में कस्बे के एक अपंजीकृत चिकित्सक के यहां इलाज चल रहा था। हालत में सुधार नहीं होने पर चार दिन पूर्व महिला को इलाज के लिए मेरठ मेडिकल ले जाया गया। सोमवार की देर शाम इलाज के दौरान मनु सिंघल की मौत हो गई। महिला के पति की एक दशक पूर्व दुर्घटना में मौत हो चुकी है। बुखार से कस्बा क्षेत्र में लगातार मौत हो रही हैं। बुकलाना, किरयावली, निजामपुर, चंदियाना, घुंघरवाली, सुलैला आदि गांव में भी बुखार की चपेट में आने से एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही जांच में मलेरिया, टाइफाइड या डेंगू की पुष्टि नहीं हो रही जबकि बुखार आने पर लोगों की लगातार मौत हो रही हैं। लोगों में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है।