कोल्ड स्टोर संचालक से मांगी रंगदारी, दी हत्या की धमकी
बुलंदशहर। डिबाई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छोटा बाजार निवासी कोल्ड स्टोर संचालक धनेश पवन से बीते दिनों दो नामजद समेत तीन आरोपियों ने मारपीट की। साथ ही उससे तीन लाख रुपये रंगदारी की मांग की। रुपये न देने पर आरोपियों ने उसे हत्या की धमकी दी है।
डिबाई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छोटा बाजार निवासी धनेश पवन ने बृहस्पतिवार को एसएसपी को पत्र भेजकर बताया कि वह कोल्ड स्टोर संचालक है। गत 19 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे वह घर से खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकला था। आरोप है कि इस दौरान दो नामजद समेत एक अन्य अज्ञात आरोपी ने उसे रास्ते में ही रोक लिया। साथ ही आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित से तीन लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। साथ ही धमकी दी कि यदि उन्हें रकम नहीं दी गई तो भविष्य में उसकी हत्या कर दी जाएगी। पीड़ित का आरोप है कि नगर क्षेत्र में आरोपी उसका एक प्लॉट पूर्व में ही कब्जा कर चुके हैं। शिकायत मिलने पर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने डिबाई पुलिस को प्रकरण में गहनता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।