खुशखबरी : दिवाली से पहले ग्राम पंचायत सहायकों को मिलेगी नियुक्ति
बुलंदशहर। जिले की ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सहायकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। जिला पंचायती राज विभाग दिवाली से पहले चयनित अभ्यर्थियों के लिए नियुक्ति पत्र दे देगा। सत्यापन का काम भी पूरा हो चुका है। अब डीएम की ओर से नियुक्ति के लिए आदेश जारी किए जाएंगे।
शासन ने पंचायत चुनाव होने के बाद सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सहायकों के चयन करने का आदेश दिया था। इसके बाद जिला पंचायत राज विभाग की ओर से जिले की सभी 946 ग्राम पंचायतों पर ग्राम पंचायत सहायकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। इनके लिए शासन की ओर से छह हजार रुपये मानदेय दिए जाने का भी प्रावधान रखा गया है। शासन ने कुछ दिन पहले चयनित अभ्यर्थियों की सूची पर रोक लगा थी। इसका कारण यह मामला कोर्ट जाना बताया गया था। इसके चलते चयनित अभ्यर्थी अपने नियुक्ति पत्र मिलने के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। अब शासन के आदेश पर विभाग द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को दिवाली से पहले नियुक्ति पत्र दिए जाने की तैयारी शुरू कर दी है। अफसरों का दावा है कि डीएम के आदेश मिलते ही अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर उन्हें उनकी जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
कोट =
अंतिम चरण में है प्रक्रिया
ग्राम पंचायत सहायकों की नियुक्ति की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। दिवाली से पहले चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे। डीएम के पास फाइल पहुंच गई है और आदेश मिलते ही आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
- प्रीतम सिंह, जिला पंचायती राज अधिकारी।