बाल संरक्षण गृह में बच्ची की मौत की होगी जांच
बुलंदशहर। मुंबई से लाई गई बच्ची की बाल संरक्षण गृह मथुरा में मौत हो गई। इस मामले में बाल कल्याण समिति की टीम बच्ची की मौत के कारणों का पता करने के लिए मथुरा पहुंच गई है।
बता दें कि खुर्जा की एक समाजसेविका रंजना अग्रवाल एक बच्ची को मुंबई से लेकर आई थी। उसका कहना था कि यह बच्ची किन्नर थी और वह उसे गोद लेकर आई है। उसने खुर्जा में एक किन्नर आश्रम भी बनाया है। रंजना इस बच्ची को गोद लेकर पालने का दावा कर रही थी। पिछले दिनों बाल कल्याण समिति ने इस नवजात को यह कहकर अपने संरक्षण में ले लिया था कि इसे पूरे नियम के तहत गोद नहीं लिया गया है। हालांकि इस बच्ची को पाने के लिए रंजना ने काफी प्रयास किया, लेकिन समिति ने इसे बाल संरक्षण गृह मथुरा भेज दिया था। लेकिन उसकी अब मौत हो चुकी है। इसका समाचार मिलते ही बाल कल्याण समिति की टीम बुधवार को मथुरा रवाना हो गई। समिति की अध्यक्ष डॉ. अंशु बंसल ने बच्ची की मौत की जानकारी देते हुए बताया कि समिति की एक टीम मथुरा भेजी गई, ताकि उसकी मौत के कारणों का पता चल सके। इस टीम के वापस आने पर ही बच्ची की मौत के कारणों का पता चलेगा।