महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर ठगे आभूषण
बुलंदशहर। मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी लाजपत नगर निवासी सुबरना को शातिर ठगों ने नशीला पदार्थ खिलाकर दिनदहाड़े उसके जेवरात लूट लिए और फरार हो गए। होश में आने पर पीड़िता को मामले की जानकारी हुई। मामले में नगर पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर करीब चार माह बाद एफआईआर दर्ज की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी लाजपत नगर निवासी सुबरना पत्नी हरिदास ने गत दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा था, जिसमें उसने बताया था कि गत 16 मार्च की सुबह करीब दस बजे वह घर से कहीं जाने के लिए निकली थी। जब वह रोडवेज बस स्टैंड के निकट पहुंची तो एक अज्ञात युवक ने उसे रोक लिया और उससे जान पहचान की कोशिश की। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को नशीला पदार्थ खिला दिया, जिसके बाद पीड़िता बेहोश हो गई और आरोपी व उसके साथी पीड़िता की सोने की चेन, मंगलसूत्र आदि सामान लूट कर भाग निकले। होश में आने पर पीड़िता ने घर पहुंच कर परिजनों से शिकायत की औैर थाने पर भी तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। नगर कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।