दहेज की खातिर विवाहिता को जान से मारने की कोशिश
बुलंदशहर। दहेज की मांग पूरी न होने पर सुसराल वालों ने विवाहिता को जान से मारने की कोशिश की। आरोपियों ने विवाहिता को धमकी देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पति सहित छह ससुराल पक्ष के छह लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना क्षेत्र के गांव मरगूबपुर निवासी मोहम्मद मुज्जमिल की पुत्री रहनुमा ने कोतवाली देहात में तहरीर दी। बताया कि कुछ माह पहले उसका निकाह दिल्ली के दयालपुर पुराना मुस्तफाबाद क्षेत्र निवासी जुबेर पुत्र जुल्फिकार के साथ हुआ था।
निकाह में उसके परिजनों ने पर्याप्त दान-दहेज दिया था लेकिन ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे और दहेज के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे थे। आए दिन उसके साथ मारपीट की जा रही थी। आरोप है कि बीते दिनों पति समेत अन्य ससुराल वालों ने विवाहिता से गालीगलौज की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसकी जान बचाई। इसके बाद ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। देहात पुलिस ने आरोपी पति जुबेर सहित छह ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली देहात प्रभारी अरूणा राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।