पिछले पांच दिनों में 59 फीसदी घटा टीकाकरण
बुलंदशहर। वैक्सीन की कमी के चलते पिछले 10 दिनों के अनुपात में काफी अंतर देखने को मिला है। वहीं, जिले में अभी भी वैक्सीन की कमी चल रही हैं। 22 जून से 26 जून तक जिले में 93,591 लोगों को टीका लगाया गया। जबकि, 28 जून से दो जुलाई के बीच 39,102 लोगों को टीका लग सका।
जिले में 16 जनवरी से टीकाकरण किया जा रहा है। 16 से 31 मई तक जिले में 3,21,668 लोगों टीका लगाया गया। इसके बाद एक जून से 18 से 44 उम्र के लोगों को टीका लगना शुरू हुआ तो टीकाकरण की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। जून माह में 3,34,631 लोगों को टीका लगाया गया। 22 जून से प्रतिदिन टीकाकरण के आंकड़े 20 हजार के पार पहुंचने लगे। हालांकि कुछ दिन बाद वैक्सीन की कमी आड़े आने से रफ्तार मंद होती चली गई।
पिछले 10 दिन में 1,32,693 लोगों को लगे टीके
22 जून से टीकाकरण की रफ्तार बढ़ने पर पिछले 10 दिन में वैक्सीन की कमी के बावजूद 1,32,693 लोगों को टीके लगाए गए। इसमें 22 जून से 26 जून तक 93,591 लोगों को टीका लगा तो 28 जून से वैक्सीन की कमी होने पर 28 जून से दो जुलाई तक महज 39,102 लोगों को ही टीका लग सका।
टीकाकरण की रफ्तार बढ़ेगी
पिछले कुछ दिनों से वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में न मिलने से टीकाकरण की रफ्तार कम हुई है। हालांकि पिछले 10 दिन में 1,32,693 लोगों को टीके लगाए गए। अब वैक्सीन के मिलने के साथ ही टीकाकरण की रफ्तार में तेजी आएगी।
- डॉ. भवतोष शंखधर, सीएमओ