बोंगे में लगी आग, झुलसकर ग्रामीण की मौत
नरौरा। थाना क्षेत्र के गांव पिलखना में बुधवार शाम खेत में पेड़ के पास बोंगे में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग से झुलसकर एक ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी ने जलती बीड़ी बोंगे में फेंक दी और आग लगने से पास सो रहा ग्रामीण जल गया।
थाना क्षेत्र के गांव पिलखना निवासी रामवीर सिंह ने बुधवार शाम पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि गांव निवासी कमलदीप (35) पुत्र ओमवीर सिंह बुधवार को करीब साढ़े तीन बजे खेत पर गया था। यहां वह एक पेड़ के नीचे बनी भूसा बोंगी में जाकर सो गया। आशंका है कि किसी ने जलती बीड़ी फेंक दी और भूसा बोगी में आग लग गई। इसकी चपेट में आने से कमलदीप की जलकर मौत हो गई है। घटना की जानकारी लगने पर एसएचओ अमर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
भाई की पूर्व में हो चुकी मौत, कमाने वाला अकेला था कमलदीप
कमलदीप गांव में अपनी मां मुंद्रा व अपनी भाभी के साथ रहता था। बताया गया कि उसके बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। कमलदीप परिवार में इकलौता कमाने वाला था। अब उसकी मौत के बाद परिजनों के जीवन यापन का संकट बन आया है।
कोट
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमलदीप सोने के लिए बोंगे में गया होगा। यहां किसी ने जलती बीड़ी फेंक दी होगी। इसमें झुलस कर उसकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। - वंदना शर्मा सीओ