नौकरी का झांसा देकर युवक से दो लाख की ठगी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक से उसके ही रिश्तेदार ने रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने जब आरोपी से रुपए वापस मांगे तो पीड़ित को हत्या की धमकी दी गई। पीड़ित ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णा नगर निवासी रविंद्र पुत्र देवेश कुमार ने बृहस्पतिवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ग्रेजुएट है और नौकरी की तलाश में है। दिल्ली में उसके एक रिश्तेदार रहते हैं। जिसका उनके घर पर आना जाना था। पीड़ित ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व आरोपी रिश्तेदार पीड़ित के घर आए थे। इस दौरान उन्होंने रेलवे डिपार्टमेंट में अपनी अच्छी पहुंच होने की बात कही थी। साथ ही पीड़ित को रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। जिसके एवज में आरोपी ने पांच लाख रुपये की मांग की थी। शुरुआत में पीड़ित ने परिजनों व अन्य कुछ लोगों से रुपये उधार लेकर आरोपी को दो लाख रुपये एडवांस में दे दिए थे। बाकी रकम नौकरी लगने के बाद देना तय हुआ था। लेकिन, समय बीतने के बावजूद पीड़ित की नौकरी नहीं लगी। जिसके बाद पीड़ित को अपने ठगे जाने की जानकारी हुई। पीड़ित ने जब आरोपी से अपने रुपये मांगे तो उन्होंने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। साथ ही भविष्य में रुपए मांगने पर हत्या की धमकी दी है। नगर कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है, जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।