सिस्टम नहीं कर रहा काम, डाटा अपलोड होने में आ रही दिक्कत
बुलंदशहर। कृषि विभाग के अफसर इस समय प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए किसानों के दुरुस्त आवेदन अपलोड करने में उलझे हुए हैं। विभाग के अफ सरों की मानें तो गत 25 फरवरी से लखनऊ में लगा सिस्टम सही से काम नहीं कर रहा है, जिसके चलते डाटा पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पा रहा है।
केंद्र सरकार ने किसानों के हित में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरूआत की है। इस योजना के तहत पात्र किसान को वर्ष भर में छह हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान है। यह राशि किसानों के खाते में तीन बार जमा करवाई जाती है। इस योजना में शामिल होने के लिए जनपद के 3.50 लाख से अधिक किसानों ने आवेदन किए हैं। इनमें से 2.80 लाख किसानों को योजना का लाभ लगातार मिल रहा है। जबकि पिछले दिनों 70 हजार से अधिक किसानों के आवेदन त्रुटियां सामने आने पर रद्द कर दिए गए थे। पिछले कई दिन पहले भी शासन स्तर से 7400 किसानों के और आवेदन रद्द हो गए थे। शासन ने इन आवेदनों की त्रुटियों को दूर करके दुरुस्त आवेदन को दोबारा अपलोड करने के आदेश दिए थे। यह कार्य कृषि विभाग की ओर से लगातार जारी है। जिन किसानों के आवेदन रद्द हुए थे। उन किसानों से भी जिला मुख्यालय से लेकर तहसील और ब्लॉक स्तर के अधिकारी और कर्मचारी संपर्क कर रद्द आवेदनों की त्रुटियाें को दूर कर दुरुस्त कर रहे हैं। लेकिन अब समस्या यह है कि दुरुस्त आवेदन अपलोड नहीं हो रहे हैं। अफसरों ने बताया कि विगत 25 फरवरी से दुरुस्त आवेदन लखनऊ में लगा सिस्टम सही नहीं चलने के कारण अपलोड नहीं हो रहे हैं। यदि यह कार्य लगातार जारी रहे तो इस कार्य को जल्द पूरा कर पात्र किसानों को लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। --------
लखनऊ में लगा सिस्टम सही से काम नहीं कर रहा है। इसलिए किसानाें के दुरुस्त आवेदन अपलोड नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रयास किया जा रहा है कि सभी पात्र किसानों के आवेदन समय पर अपलोड हो जाएं और उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
- आरपी चौधरी, कृषि उप निदेशक, बुलंदशहर