दो बाइकों की भिड़ंत, तीसरे वाहन ने पीछे से रौंदा, तीन की मौत
गुलावठी। सिकंदराबाद मार्ग पर गांव देवली के निकट शनिवार देर रात दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। जिसके बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आई एक अनियंत्रित कार ने भी उन्हें रौंद दिया। आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पांचों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां एक दंपति समेत एक अन्य महिला की मौत हो गई। जबकि, गंभीर रुप से घायल एक व्यक्ति को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।
हापुड़ जनपद के थाना धौलाना क्षेत्र के मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी साजिद पुत्र इलियास अपनी पत्नी निशा, रूबी पत्नी आबिद एक ही बाइक पर सवार होकर सिकंदराबाद में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। जहां से वह देर रात ही बाइक से वापस धौलाना जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार शोएब पुत्र तोएब व जाहिद पुत्र सलीम निवासी ग्राम सोहनपुर थाना गुलावठी अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया कि गांव देवली के निकट दोनों बाइकें अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में पांचों लोग बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। बताया गया कि इसी दौरान एक अनियंत्रित कार ने सड़क पर पड़े घायलों को रौंद दिया। जिसमें पांचों गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों ने देखा तो मौके पर दौड़ पड़े। लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों की मदद से पहुंची पुलिस ने लहूलुहान हालत में पांचों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने साजिद, उसकी पत्नी निशा व रूबी की मौत हो गई। जबकि, शोएब और जाहिद गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए। जबकि, घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल से हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, मृतकों के परिजनों ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर देकर गुलावठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, एसएसपी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं। साथ ही घायलों को जिला अस्पताल से हायर मेडिकल सेंटर उपचार के लिए भेजा गया है। उधर तीनों की मौत की खबर सुनकर पहुंचे उनके परिजनों में कोहराम मचा रहा।