पूर्व सभासद को जहर खुरानी गैंग ने बनाया निशाना
स्याना। जहर खुरानी गैंग ने पूर्व सभासद को अपना निशाना बना लिया। कार में लिफ्ट मांगकर उन लोगोें ने कोल्ड ड्रिंक में विषैला पदार्थ मिलाकर उन्हे पिला दिया। बेहोश होने के बाद नगदी और ज्वैलरी लेकर बदमाश उन्हें कार में छोड़कर भाग गए। होश में आने के बाद पीड़ित ने तहरीर दी और किसी तरह घर पहुंचे।
स्याना के पूर्व सभासद दुष्यंत त्यागी उर्फ टोनी ने बताया कि शनिवार शाम अपनी कार से मेरठ जा रहे थे। इसी दौरान वे गढ़ मुक्तेश्वर स्थित एक होटल पर खाना खाने के लिये रुक गये। खाने की मेज के समीप ही गैंग के दो पुरुष, दो महिलायें व दो बच्चे खाना खा रहे थे। जिन्होने टोनी त्यागी से बातचीत कर उन्हे अपने विश्वास में ले लिया। गैग के सदस्यों ने कार में लिफ्ट मांगी। उन्होंने उन्हे बैठा लिया। जब कार सिंभावली के निकट पहुंची तो बच्चों ने खाने में अधिक मिर्च होने का बहाना बनाते हुए कार को एक होटल पर रुकवा लिया। ठग गैंग के पुरुष सदस्यों ने होटल के अंदर जाकर वहां से कोल्ड ड्रिंक लाने का नाटक किया। बच्चों के साथ-साथ टोनी त्यागी को भी विशेष आग्रह करके कोल्ड ड्रिंक पिला दिया। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद टोनी त्यागी को होश नहीं रहा। इसके बाद गैंग के सदस्यों ने कार को अपने कब्जे में किया और पास के एक दूसरे होटल तक कार को चलाकर स्वयं लाये। गैंग सदस्य टोनी त्यागी को कार सहित उसी होटल पर छोड़ गये । बदमाशों ने उनसे सोने का ब्रेसलेट, अगूंठी, चेन सहित पर्स में दस हजार रुपये की नगदी लूट ली और भाग गए। होश आने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की। इसके बाद घर पहुंचकर उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी।