अब कर्मियों को वर्दी के साथ लगानी होगी नेम प्लेट
बुलंदशहर। जिला अस्पताल अब जल्द ही मरीजों को बदला-बदला नजर आएगा। जिला अस्पताल के सीएमएस ने चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों समेत सफाई कर्मियों को ड्रेस कोर्ड लागू करने के साथ नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए हैं।
जिला अस्पताल में अभी तक अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहता था। अस्पताल में निरीक्षण के दौरान पहचान नहीं हो पाती थी कि सामने वाला व्यक्ति कौन है और किस पद पर। वर्तमान सीएमएस डॉ. दिनेश कुमार ने चार्ज संभालने के बाद से अस्पताल में अव्यवस्थाओं को बदलने की जिम्मेदारी संभालते हुए अस्पताल का कायाकल्य करने का निर्णय लिया है। डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के पास पहले से ही ड्रेस और नेम प्लेट है। जिन्हें ड्यूटी के समय पहनने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिन पर नेम प्लेट नहीं है उनको आईकार्ड जारी किए जा रहे हैं। वहीं, अस्पताल के सफाई कर्मियों के लिए ड्रेस आ गई है। जिसको संबंधित कर्मी को आईकार्ड के साथ वितरित किया जा रहा है। इसके बाद कोई कर्मी बिना ड्रेस कोड या आईकार्ड के मिलता है तो संबंधित पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।