गन्ना भुगतान को किसानों ने दिया धरना
बुलंदशहर। 2018-19 के बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का धरना जारी है। रविवार को भी वेब शुगर मिल परिसर में किसानों ने धरना दिया। इस दौरान किसानों ने सीएए को अपना समर्थन भी दिया। इस बीच गन्ना आयुक्त ने किसानों को जल्द भुगतान का आश्वासन दिया, लेकिन किसान धरने पर अड़े हुए हैं।
रविवार को भी वेब शुगर मिल पर किसान संघर्ष समिति के तत्वावधान में गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का धरना जारी रहा। समिति के अध्यक्ष संग्राम सिंह ने कहा कि वेब शुगर मिल प्रशासन झूठे वादे कर रहा है। किसानों का गन्ना भुगतान न होने पर बहुत से काम रुके हुए हैं। आर्थिक रूप से भी किसान टूटा हुआ है। अगर 2018-19 का गन्ना भुगतान नहीं हुआ तो किसान बर्बादी की कगार पर आ जाएगा। बताया कि करीब 23 करोड़ रुपये शुगर मिल पर बकाया है। अनिल प्रधान और पप्पू प्रधान ने कहा कि जब तक किसानों का भुगतान नहीं होगा तब तक धरना जारी रहेगा। नरेंद्र ने कहा कि किसान अब आरपार की लड़ाई के मूड में हैं। संग्राम सिंह ने बताया कि रविवार को गन्ना आयुक्त से फोन पर वार्ता हुई थी। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही भुगतान कर दिया जाएगा। लेकिन किसान अभी भी धरने पर अड़े हैं। इस अवसर पर आदित्य चौधरी, जसवंत सिंह, रामवीर सिंह, रनवीर सिंह, जय प्रकाश रावत, सचिन, संजीव कुमार आदि दर्जनों किसान उपस्थित रहे।