पावर कारपोरेशन के जेई के साथ अभद्रता, रिपोर्ट दर्ज
ऊंचागांव। कस्बा अमरगढ़ में विद्युत उपकेन्द्र ऊंचागांव के जेई व अन्य कर्मचारियों के साथ बिजली के बिलों के बकायेदारों के कनेक्शन काटने को लेकर विवाद हो गया। दबंगों ने इस दौरान जेई के साथ जमकर अभद्रता की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमरगढ़ में अवर अभियंता विजेन्द्र यादव अपनी टीम के साथ गत दिनों बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काट रहे थे। एक बकायेदार का कनेक्शन काटने पर धारक ने अवर अभियंता के साथ गाली-गलौज और टीम के साथ हाथापाई कर दी थी। मामले मे पीड़ित जेई ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अमरगढ़ चौकी प्रभारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि अवर अभियंता विजेन्द्र यादव और विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारियों साथ हाथापाई और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने को लेकर आरोपी नन्हे, सुरेन्द्र, धर्मवीर पुत्रगण सोहन लाल निवासी गांव अमरगढ़ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।