अब जिला समन्वयकों को मिलेगा वाहन भत्ता
बुलंदशहर। शिक्षा विभाग में तैनात जिला समन्वयकों के लिए एक अच्छी खबर है। अब जिला समन्वयकों को भ्रमण के लिए 2500 रुपये वाहन भत्ता दिया जाएगा। इस संबंध में निदेशक ने आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही समन्वयकों को 30 स्कूलों का प्रतिमाह निरीक्षण कर प्रेरणा एप पर आख्या देनी होगी। बता दें कि अभी तक जिला समन्वयकों को स्कूलों का निरीक्षण करने के दौरान वाहन भत्ता नहीं मिलता था। जिला समन्वयकों द्वारा इसके लिए शासन को पत्र भेजकर अवगत कराया गया, जिसे संज्ञान में लेकर राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने पत्र जारी कर जिला समन्वयकों को प्रत्येक माह विद्यालयों के निरीक्षण के लिए 2500 रुपये प्रति माह वाहन भत्ता देने के आदेश दिए हैं। साथ ही यह भत्ता नवंबर 2019 से मार्च 2020 तक देय होगा। समन्वयक को प्रेरणा एप पर निरीक्षण के बाद आख्या देनी होगी। बीएसए अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि निदेशक के निर्देश मिल चुके हैं। निदेशक के निर्देश से जिला समन्वयकों को अवगत करा दिया गया हैं। इससे स्कूलों के निरीक्षण में सहयोग मिलने के साथ समन्वयकों का मनोबल भी बढ़ेगा।