ट्रिपल मर्डर: 14 माह, 25 हजार का इनाम फिर भी हत्यारोपी पति फरार
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गिरधारी नगर में करीब 14 माह पूर्व महिला और दो मासूम बच्चों की हत्या के बाद से फरार हुए मुख्य आरोपी को पुलिस अभी तक नहीं दबोच सकी है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है, लेकिन पुलिस खाक छानने के अलावा कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा पाई है। आरोपी कहां है इसकी जरा भी इतल्ला पुलिस को नहीं है।
बता दें कि गत 30 अगस्त 2018 की सुबह नगर के मोहल्ला गिरधारी नगर में महिला रूबी (30वर्ष) और उसके पुत्र केशव (5वर्ष) व छोटे पुत्र यतिन ( 2 वर्ष ) की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। ट्रिपल मर्डर की सूचना से जनपद पुलिस में हड़कंप मच गया था। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति रामकुमार व जेठ रामरतन को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने घटना के चार दिन बाद आरोपी जेठ रामरतन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन मुख्य आरोपी पति रामकुमार का पता नहीं चल सका। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि घटना को पति और जेठ ने रुपयों के विवाद और अवैध संबंधों के चलते अंजाम दिया था । घटना को 14 माह से अधिक वक्त बीत चुका है । कार्रवाई के नाम पर पुलिस द्वारा जनवरी 2019 में फरार आरोपी पति रामकुमार पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया । पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में पोस्टर भी चस्पा किए, लेकिन शातिर आरोपी पकड़ा नहीं जा सका । पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी कहीं दूर - दराज क्षेत्र में छिपा हुआ है । ऐसे में उसके जल्द पकड़े जाने की उम्मीद बेहद कम है । इस संबंध में एसपी सिटी का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। बहुत जल्द उसे ढूंढ निकाला जाएगा।