पांच साल की बच्ची का अपहरण, डेढ़ घंटे में बरामद
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र की मामन चौकी क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण की सूचना से महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसएसपी कई थानों की फोर्स के अलावा स्वाट टीम को बच्ची को बरामद करने का टारगेट दिया। जिसके बाद बच्ची को डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया और अपहरणकर्ता को भी दबोच लिया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मामन चौकी के पास रहने वाले डेविड ने तहरीर देकर बताया कि सोमवार देर शाम को उनकी पांच वर्षीय पुत्री अपने घर के बाहर खड़ी एक ठेली से अंडे खरीद रही थी। उसी समय एक युवक पैदल आया और उसने बच्ची का हाथ पकड़ा और अपने साथ लेकर चल दिया। बच्ची ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे गोद में उठा लिया और दौड़ लगा दी। कुछ देर के बाद बच्ची के परिजनों को ठेली वाले ने बताया तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। वहीं, एसएसपी संतोष कुमार को मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने फोन पर पूरा प्रकरण बताया। इसके बाद बच्ची को तलाशने के लिए पूरा अमला जुट गया। करीब डेढ़ घंटे बाद शिकारपुर रोड पर एक शराब के ठेके के पास एक युवक को बच्ची के साथ शराब पीते हुए देखा गया। युवक को नगर कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त लाला उर्फ छबड़ा पुत्र नरेश निवासी मोहल्ला मोहनकुटी थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई। बाद में पुलिस ने बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची को बरामद कर लिया है। बताया गया कि आरोपी युवक बच्ची के परिवार को भी जानता है। इसलिए बच्ची भी उसे पहचानती थी। इसलिए कुछ दूर वह उसके साथ अपनी मर्जी से चली गई। बाद में बच्ची रोने लगी तो उसे गोद में उठाकर भागने लगा।