मुंह दबाकर की गई थी युवती की हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
गुलावठी। गुलावठी थाना क्षेत्र के ग्राम ईसापुर में मिली अज्ञात युवती की हत्या मुंह दबाकर की गई थी। यह खुलासा मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सें हुआ है। पुलिस ने अब हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गत पांच नवंबर को ईसापुर के खेत में करीब बीस वर्षीय युवती का बोरे में शव बरामद हुआ था। पुलिस के उस समय भी शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, परंतु शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की हत्या मुंह दबाकर किए जाने की बात सामने आई है। जिसके बाद खेत स्वामी के पुत्र रोहित पुत्र सतवीर सिंह निवासी ग्राम ईसापुर की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि युवती की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मृतका के फोटो के जरिये विभिन्न माध्यमों से शिनाख्त का प्रयास कर रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। बता दें कि ग्राम ईसापुर में गत पांच नवंबर को एक खेत में अज्ञात युवती का बोरे में बंद शव मिला था। बोरे में मृतका केपहने के कपड़े भी रखे हुए थे तथा मृतका के हाथों पर मेहंदी तथा पैरों व हाथों पर हल्दी लगी हुई थी।