शीतलहर से बचने के लिए बनाए गए 17 रैन बसेरे
बुलंदशहर। जिला प्रशासन ने शीतलहर से बचने के लिए 17 रैन बसेरे बनाए हैं। प्रशासन के निर्देश पर निकाय क्षेत्रों में यह व्यवस्था की गई है। यह भी आदेश दिए गए हैं कि कोई भी निराश्रित व बेसहारा व्यक्ति सर्दी में खुले में, सड़क आदि पर न सोने पाए।
निराश्रित लोगों को सर्दी व शीतलहर से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने भी तैयारी कर ली है। जिला प्रशासन ने नगर पालिकाओं से रैन बसेरे बनाने का आदेश जारी किया है। प्रशासन के अनुसार बुलंदशहर में प्रीत विहार वार्ड 23 में सामुदायिक केंद्र में, खुर्जा में रोडवेज बस स्टैंड के पास 200 मीटर की दूरी पर, सिकंदराबाद में नगर पालिका कार्यालय पर, गुलावठी में मेरठ गुलावठी रोड पर, जहांगीराबाद में नगर पालिका के पुराने कार्यालय पर, स्याना में बुलंदशहर बस स्टैंड पर, अनूपशहर में गंगाघाट पर, डिबाई में हाईवे पर एक धर्मशाला में, शिकारपुर में पालिका परिसर में, औरंगाबाद में नगर पंचायत कार्यालय पर, खानपुर, बुगरासी, बीबीनगर, छतारी, नरौरा, पहासू, ककोड़ में नगर पंचायत कार्यालय पर बनाए गए हैं। एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है कि रैन बसेरों में लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।