प्रदूषण फैलाने वालों पर नजर रखेगा ‘प्राणवायु’
बुलंदशहर। जिला प्रशासन ने प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्राणवायु नाम का एक मोबाइल एप्लिकेशन लांच किया है। यह एप जनपद में प्रदूषण फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखेगा। आम आदमी भी इस एप पर कूड़ा जलाने वालों की फोटो अपलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को प्रदूषण से होने वाले नुकसान की जानकारी दी जाएगी।
जनपद में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर डीएम रविंद्र कुमार ने एक प्राणवायु एप को लांच किया है। इस एप को गूूगल प्ले स्टोर के माध्यम से जनपद का कोई भी उपभोक्ता अपने स्मार्टफोन में डाउनलोड कर सकता है। यदि किसी भी व्यक्ति को सूचना मिलती है कि कहीं पराली या कूड़ा कचरा जलाया जा रहा है अथवा अन्य किसी माध्यम से प्रदूषण फैलाया जा रहा है तो उसकी फोटो या वीडियो उस एप में अपलोड कर सकता है। इसके बाद प्रशासन गूगल मैप के माध्यम से कूड़ा जलने वाले स्थान या प्रदूषण फैलाने वाले स्थान की लोकेशन चेक कर तत्काल कार्रवाई करेगा। डाउनलोड करने वाले व्यक्ति को एप में कूड़ा जलने वाले स्थान की फोटो, अपनी फोटो भी लोड करनी होगी। इससे तुरंत लोकेशन ट्रेस कर कूड़ा वाले स्थान पर पहुंचा जा सकेगा और जानकारी कर उचित कार्रवाई की जा सकेगी।
---------
पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। इसके लिए प्राणवायु एप लांच किया गया है। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति कूड़ा जलाने आदि की सूचना दे सकेगा। इस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
रविंद्र कुमार, डीएम