विद्युत पेंशनरों ने चीफ ऑफिस पर दिया धरना
बुलंदशहर। विद्युत पेंशनर्स परिषद के पदाधिकारियों ने चीफ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों का ज्ञापन चीफ इंजीनियर को सौंपा। पेेंशनर्स के खिलाफ पावर कारपोरेशन द्वारा सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि अगर मांगे नहीं मानी गई तो आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
बुधवार को हाइडिल कॉलोनी स्थित चीफ इंजीनियर कार्यालय पर धरना दे रहे पेंशनर्स परिषद के अध्यक्ष परमानंद शर्मा ने कहा कि पावर कारपोरेशन ने शासनादेश को अनदेखा कर पूर्ववर्ती यूपी राज्य विद्युत परिषद के कार्यरत कार्मिकों एवं पेंशनरों को प्राप्त विद्युत सुविधा एलएमवी-10 को आम उपभोक्ताओं की श्रेणी एलएमवी-1 में रख दिया है। जो अंतरण स्कीम व शासनादेश के विपरीत कार्रवाई है। पेंशनर्स के साथ सौतेला व्यवहार पावर कारपोरेशन और सरकार द्वारा किया जाता है, जैसे मंहगाई भत्ता जब बढ़ता है तो सभी राज्य कर्मचारियों व पेंशनरों को दे दिया जाता है। लेकिन विद्युत पेंशनर्स को सभी के साथ नहीं दिया जाता है। जबकि सभी को भुगतान कोषागार से ही होता है। संरक्षक राधेश्याम ने बताया कि विद्युत परिषद जब विघटित करके पावर कारपोरेशन बनाया गया था उस समय विद्युत परिषद की कर्मचारी यूनियन एवं सरकार के साथ लिखित समझौता हुआ था। जिसमें यह तय किया गया था कि कर्मचारी सेवा शर्तों एवं मिलने वाली अन्य सुविधाओं में कोई कमी नहीं की जाएगी।