डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी तय करेगी परीक्षा केंद्र
बुलंदशहर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2020 की तैयारियां लगातार जारी है। जल्द ही परीक्षा केंद्रों की सूची भी जारी होने वाली है। परीक्षा केंद्र डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी तय करेगी। साथ ही विवाद में उलझे और विद्युत लाइन के नीचे स्थित विद्यालय भी परीक्षा केंद्र नहीं बनेंगे। डीआईओएस कार्यालय में बनने वाले कंट्रोल रूम में प्रशासनिक अधिकारी की भी ड्यूटी लगेगी।
जनपद की बात की जाए तो यहां पर कई तरह की खामियां मिल रही हैं। एक तो बोर्ड परीक्षा का काम कार्यालय में न होकर एक विद्यालय में चल रहा है। ऐसे में अधिकारियों और संबंधित कर्मचारी परीक्षा की महत्वपूर्ण जानकारियों से अनभिज्ञ हैं। जबकि बोर्ड की ओर से आदेश-दर-आदेश जारी हो रहे हैं और इस बारे में भी अफसर अंजान हैं। बताया गया कि आदेश आया है कि इस बार परीक्षा केंद्र डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी तय करेगी। इस कमेटी में डीएम के अलावा सीडीओ और डीआईओएस आदि अधिकारी शामिल होंगे। साथ ही वह विद्यालय परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाएंगे, जिनके ऊपर से विद्युत लाइन गुजर रही है। आदेश यह भी है कि डीआईओएस कार्यालय में परीक्षा पर नजर रखने और किसी भी तरह की शिकायत को दर्ज करने के लिए बनने वाले कंट्रोल रूम में इस बार एक प्रशासनिक अधिकारी की ड्यूटी लगेगी। अफसरों का कहना है कि परीक्षा केंद्र बनाने के लिए जो भी सूचनाएं बोर्ड से मांगी गई थीं, वह भेज दी गई हैं। जल्द ही बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर सकता है। सूची प्राप्त होते ही आगामी कार्रवाई करते हुए डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी में इसे पेश कर परीक्षा केंद्र तय कर दिए जाएंगे। इसके बाद फाइनल सूची बोर्ड को भेज दी जाएगी।
------
बोर्ड की ओर से परीक्षा के संबंध में जो भी आदेश प्राप्त हो रहे हैं। उनका सख्ती से पालन किया जा रहा है। जनपद में परीक्षा शांतिपूर्वक करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्र की बोर्ड से जल्द सूची प्राप्त हो जाएगी। इसके साथ ही डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी परीक्षा केंद्र तय कर देगी।
आरके तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बुलंदशहर