बकाया गन्ना भुगतान न करने पर चार मिलाें को नोटिस
बुलंदशहर। जनपद के गन्ना किसानों का बकाया गन्ना भुगतान अभी तक नहीं करने वाली चार मिलों को जिला गन्ना अधिकारी की ओर से एक बार फिर नोटिस जारी कर दिया है। विभागीय अफसरों ने नोटिस जारी कर इन मिलों को जल्द किसानों का बकाया गन्ना भुगतान के भी सख्त आदेश दिए हैं।
जनपद सहित गैर जनपद की चार चीनी मिलों पर जनपद के गन्ना किसानों का अभी तक करीब 100 करोड़ रुपये बकाया गन्ना भुगतान चल रहा है। इसके लिए विभाग की ओर से समय-समय पर कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। बावजूद अभी तक यह मिल बकाया गन्ना भुगतान करने में फिसड्डी साबित हो रही हैं। इन मिलों की ओर से भुगतान में बरती जा रही लापरवाही को देखते हुए डीसीओ की ओर से एक बार फिर नोटिस जारी कर जल्द बकाया गन्ना भुगतान करने के आदेश दिए हैं। अफसरों के अनुसार जनपद की वेव शुगर मिल पर किसानों का 36.52 करोड़ का बकाया गन्ना भुगतान चल रहा है। इस मिल ने हाल ही में ढाई करोड़ का भुगतान भी किया है। इसी तरह अनूपशहर चीनी मिल पर 14.25 करोड़, हापुड़ की सिम्भावली चीनी मिल पर 25.29 करोड़ और ब्रजनाथपुर चीनी मिल पर 24.32 करोड़ का बकाया गन्ना भुगतान चल रहा है। यह बकाया गन्ना भुगतान न होने से गन्ना किसान खासे परेशान हैं और वह अपनी राशि के लिए दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर हो रहे हैं।
कोट -
बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बाद भी अभी तक जिन चार मिलोें ने बकाया गन्ना भुगतान नहीं किया है। उन्हें नोटिस जारी कर एक बार फिर जल्द से जल्द किसानों का बकाया गन्ना भुगतान के आदेश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि अब भुगतान करने में देरी की गई तो आगामी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- डीके सैनी, जिला गन्ना अधिकारी, बुलंदशहर।