दिवाली से पहले शिक्षकों को मिलेगा बोनस का तोहफा
बुलंदशहर। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर हैं। शासन ने दिवाली से पूर्व वेतन के साथ बोनस देने के निर्देश दिए है। शासन के निर्देश पर अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी है। जनपद के करीब नौ हजार शिक्षकों को वेतन के साथ 6908 रुपये का बोनस दिया जाएगा।
प्रदेश सरकार द्वारा गत सप्ताह दिवाली से पूर्व वेतन और बोनस के भुगतान करने का निर्देश दिया था। शासन के निर्देश पर बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत अफसर बोनस का भुगतान करने की तैयारियों में जुट गए थे। विभागीय अफसरों के अनुसार विगत वित्तीय वर्ष तक जिन कर्मचारियों की सेवा पूरी तरह से संतोषजनक रही, उनको ही बोनस का भुगतान किया जाएगा। साथ ही वेतन का भुगतान भी दीवाली से पूर्व समस्त शिक्षकों को जारी कर दिया जाएगा। जो उनके खातों में भेजा जाएगा। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के लेखाधिकारी अरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि बेसिक और माध्यमिक में करीब नौ हजार शिक्षक एवं कर्मचारी कार्यरत हैं। जिन्हें दीवाली से पूर्व वेतन के साथ बोनस दिया जाएगा। एक कर्मचारी को बोनस के तहत करीब 6908 रुपये जारी किए जाएंगे।