छतारी में बदमाश से मुठभेड़ के बाद मौके पर पड़ा तमंचा।
- फोटो : KHURJA
मुठभेड़ के बाद इनामी बदमाश हरीश पंडित गिरफ्तार
बुलंदशहर। छतारी थाना पुलिस ने बुधवार को दिनदहाड़े मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी बदमाश को धर दबोचा। आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी के भागे हुए साथी की तलाश में जुट गई है, जिसकी जल्द ही तलाश कर ली जाएगी।
एसपी देहात मनीष मिश्र ने बताया कि बुधवार दोपहर को छतारी थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक टीम के साथी कांस्टेबल जितेंद्र त्यागी, अरुण कुमार और कृष्ण कुमार के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक बाइक पर सवार दो बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं और अलीगढ़ की तरफ से आने वाले हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टीम के साथ मुखबिर के बताए स्थान पर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में मिली स्वाट टीम को भी अपने साथ ले लिया। दोनों टीम ने गांव बुणासी के पास चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान अलीगढ़ की ओर से एक बाइक पर दो युवक आते हुए दिखाई दिए। जिन्हें पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। लेकिन, आरोपी भागने की कोशिश करने लगे और एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। जबकि, दूसरा आरोपी भाग निकला। पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त हरीश पंडित पुत्र कालीचरन निवासी गांव सराय हरनारायणपुर थाना सासनीगेट के रूप में हुई। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी को घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।