जनपद में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। वहीं, अब अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छेड़छाड़ की शिकार महिला व उसके परिजनों को आरोपी पक्ष ने गांव में न रहने देने का एलान किया है। पीड़िता के पति ने मामले की शिकायत एसएसपी से कर, न्याय की गुहार लगाई है।
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने बुधवार को एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि गत एक अगस्त को उसकी पत्नी के साथ गांव निवासी आरोपी युवक विकास, बिरजू, अर्जुन, राधा ने मारपीट करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया था।
साथ ही आरोपियों ने इस दौरान पीड़िता के साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ भी की थी। शोर-शराबा सुनकर अन्य लोगों को आता हुआ देख आरोपी मौके से हत्या की धमकी देकर भाग निकले थे। इसके बाद सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने वादी की पत्नी का मेडिकल कराया था।
जिसके बाद पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बीते दिनों आरोपियों ने अन्य ग्रामीणों के साथ बैठक की थी। जिसमें उन्होंने तय किया है कि यदि वादी पक्ष मुकदमा वापस नहीं लेता है तो पीड़िता व उसके परिजनों को गांव में नहीं रहने दिया जाएगा।
पीड़ित का आरोप है कि वारदात को एक माह से अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन, पुलिस ने मामले में आरोपियों से साठगांठ कर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। जिस पर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने पीड़ित को निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए थाना पुलिस को निर्देशित किया है।