नौकरी का झंासा देकर युवक से 3.65 लाख रुपये ठगे
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ दो कंपनियों के पदाधिकारियों के द्वारा नौकरी का झांसा देकर 3.65 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला देवीपुरा प्रथम निवासी मनोज कुमार पुत्र समय सिंह ने तहरीर देकर बताया कि रोजगार न होने के चलते वह बीते दिनों काफी परेशान था। इस दौरान उसकी मुलाकात रिक्रूटमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के विकास मल्होत्रा व अमूल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के एचआर गणेश बाला मोर्गन से हुई थी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे नौकरी दिलाने का झंासा दिया और रुपयों की डिमांड रखी थी। पीड़ित ने आरोपियों को 3.65 लाख रुपये की नगदी नौकरी लगवाने के लिए दी थी। लेकिन, समयसीमा बीतने के बावजूद पीड़ित की न तो नौकरी लग सकी है और न ही रुपये वापस किए गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि बीते दिनों जब उसने आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो उन्होंने उसे हत्या की धमकी दी थी। नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियाें को दबोच कर राजफाश कर दिया जाएगा।