संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप
गुलावठी। थाना क्षेत्र के गांव अकरपुर झोझा में शनिवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव जैनपुर निवासी पुष्पेंद्र पुत्र चंद्रपाल ने गुलावठी थाने में तहरीर देकर बहन की दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि उसने अपनी बहन अंजलि की शादी करीब दो वर्ष पूर्व गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी युवक प्रदीप के साथ की थी। ससुरालीजन शादी में मिले दान दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता का उत्पीड़न किया जा रहा था। काफी समझाने के बाद भी आरोपी अपनी मांगो पर डटे हुए थे। पीड़ित का आरोप है कि शनिवार को उसे फोन पर किसी ने जानकारी दी कि उसकी बहन अंजलि को ससुरालीजनों ने फंदा लगाकर मौत के घाट उतार दिया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले में आरोपी पति प्रदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, थाना प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पोेस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।