बुलंदशहर में पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहा दस हजार रुपये का इनामी बदमाश बृहस्पतिवार दोपहर खुद नगर कोतवाली जा पहुंचा। इस दौरान आरोपी ने कहा कि मुझ पर दस हजार रुपये का इनाम है और पत्नी की हत्या का आरोप है, मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। आरोपी की बात सुनते ही पुलिसकर्मी हक्के-बक्के रह गए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला साठा निवासी अंजलि पुत्री सुरेश की शादी दिसंबर 2012 में मोहनकुटी निवासी युवक अनिल के साथ हुई थी। नवंबर 2017 में अंजलि की अपनी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। आरोपी पति अनिल घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर जनपद पुलिस ने दस हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी। इसके बावजूद उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग पा रहा था। वहीं, अब प्रदेश सरकार के निर्देश पर जनपद में आपरेशन क्लीन चल रहा है।
जिसके तहत प्रत्येक अपराधी को पुलिस सलाखों के पीछे भेज रही है। बदमाशाें और पुलिस के बीच लगातार मुठभेड़ हो रही है। बदमाशों के अंदर खाकी का खौफ नजर आने लगा है। इसकी बानगी बृहस्पतिवार को नगर कोतवाली में देखने को मिली। पत्नी की हत्या मामले में फरार चल रहा दस हजारी अनिल नगर कोतवाली जा पहुंचा। जहां उसने पुलिस को अपने ऊपर लगे आरोपों की जानकारी दी। साथ ही पुलिस से भय बताते हुए गिरफ्तार करने की मांग की।