घर से लापता हुईं चार सगी बहनें
बुलंदशहर । अनूपशहर कस्बा निवासी चार सगी बहनें शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है। पीड़ित मां ने तहरीर देकर उनकी बरामदगी की मांग की है। बताया गया कि मां ने बेटियों को फोन पर अधिक बात करने पर डांट लगा दी थी। पुलिस चारों बहनों की तलाश में जुट गई है।
कस्बा निवासी एक महिला ने शनिवार शाम पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम को वह घर से बाजार सामान लेने के लिए गई थी। देर शाम को जब वह घर वापस लौटी तो घर पर उसकी चारों पुत्रियां (दो युवती, दो किशोरी) मौजूद नहीं थीं। जिसके बाद उनकी तलाश की, लेकिन उनका न नाते रिश्तेदारी में और न ही उनकी सहेलियों के पास से कोई सुराग लग सका है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने बेटियों को शुक्रवार को फोन पर अधिक बात करने के चलते डांट दिया था। आशंका है कि इसी डांट के चलते चारों बहनें कहीं चली गई हैं। वहीं, पीड़िता ने अनहोनी की आशंका जताते हुए बरामदगी की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी जेके सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चारों बहनों की तलाश जारी है, जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।