बुलंदशहर। डीएवी कॉलेज के मैदान में बालाजी क्रिकेट एकेडमी की ओर से चल रहे बुलंदशहर प्रीमियर लीग (बीपीएल) का आयोजन पांचवें दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। बुलंदशहर इंडियंस ने बुलंदशहर बुल्स को तीन विकेट से और बुलंदशहर शाइनिंग स्टार ने बुलंदशहर सुपर किंग्स की टीम को नौ विकेट से हराकर मैच जीता। वहीं, फुरकान व सुनील को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच का शुभारंभ डॉ. पुष्पराज ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। लीग के आठवां मैच में बुलंदशहर बुल्स के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। बुलंदशहर बुल्स की टीम 15 ओवर में 112 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इसमें कपिल पंचाल ने सर्वाधिक 42 रनों का योगदान दिया। बुलंदशहर इंडियंस के गेंदबाज फुरकान ने चार विकेट व लवकेश ने तीन विकेट लिए।
बुलंदशहर इंडियंस की टीम ने 13 ओवर में सात विकेट खोकर 116 रन बना मैच जीता। इसमें फुरकान ने नाबाद 26 रन और सुबहान ने 25 रन का योगदान दिया। लीग के नौवें मैच में बुलंदशहर शाइनिंग स्टार के कप्तान ने टॉस जीत पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बुलंदशहर सुपर किंग्स की टीम 17.4 ओवर में 104 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसमें जाकिर ने सर्वाधिक 31 रन का योगदान दिया। बुलंदशहर शाइनिंग स्टार के कैफ ने तीन व उमंग ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुलंदशहर शाइनिंग स्टार ने 10.2 ओवर में एक विकेट खोकर 105 रन बना मैच को आसानी से जीत लिया। इसमें सुनील ने सर्वाधिक 60 रन व इशांत ने 30 रनों का योगदान दिया।
बालाजी क्रिकेट एकेडमी के कोच मुनेश गिरी ने बताया कि बुलंदशहर इंडियंस के फुरकान और बुलंदशहर शाइनिंग स्टार के सुनील भाटी को मैन ऑफ द मैच दिया गया। बताया कि अभी तक बुलंदशहर वॉरियर्स और बुलंदशहर हॉक्स की टीम सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। इस दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव महेश गुप्ता, चेतन चौहान, अंकित निर्मल, अरुण गुप्ता, संदीप शर्मा माैजूद रहे।