भूड़ चौराहे के पास बुधवार रात करीब दस बजे सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। चालक ने कूदकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। सिकंदराबाद के गांव चंदेरू निवासी सोनू ने बताया कि उसने दिसंबर 2025 में होंडा की सीएनजी ऑरा कार खरीदी थी। वह कार को ओला टैक्सी में चलाते थे।
बुधवार को रात में नोएडा सवारी छोड़कर आये थे। रात करीब 10 बजे वह बुलंदशहर के भूड़ चौराहे पर खाना खाने के लिए उन्होंने कार को रोका। जैसे ही कार को बंद किया तो कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।उन्होंने कूदकर अपनी जान बचाई।
आग लगने से अफरा तफरी का माहौल
घटना की जानकारी दमकल विभाग को देने के साथ ही पुलिस को भी दी। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन आग से उनकी कार पूरी तरह से जल गई। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि भूड़ चौराहे पर सीएनजी कार में अचानक आग लग गई थी।
दमकल ने आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में शॉट सर्किट से आग लगने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।