ब्लॉक की बोर्ड बैठक में बीडीसी सदस्यों ने किया हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। ब्लॉक की बोर्ड बैठक के दौरान सदस्यों ने अधिकारियों पर बैठक की सूचना नहीं देने का आरोप लगाकर हंगामा किया। सदस्यों का आरोप है कि चहेते सदस्यों को ही बैठक की सूचना दी जाती है। बैठक में पिछली बैठक के कार्य वृत्त की पुष्टि समेत कुल 15 बिंदुओं पर चर्चा की गई।
शनिवार को ब्लॉक की बोर्ड बैठक का आयोजन क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान सभागार में किया गया। ब्लॉक प्रमुख सीमा परवीन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बीडीसी कृष्णपाल सिंह ने आरोप लगाया कि चहेते सदस्यों को ही बैठक की जानकारी दी जा रही है। आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख करीब डेढ़ घंटा देरी से बैठक में पहुंचीं। जिसके चलते सदस्यों का काफी समय बर्बाद हुआ। बीडीओ प्रेमचंद ने बताया कि बोर्ड बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक के कार्य वृत्त की पुष्टि की गई। इसके बाद मनरेगा योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, 15वें वित्त आयोग, प्रधानमंत्री श्रम मानधन योजना, सुमंगला सुकन्या समृद्धि योजना, मिशन अंत्योदय योजना, बाल विकास परियोजना, पशु पालन संबंधी योजना समेत अन्य योजनाओं पर विचार करते हुए सर्व सम्मति से सहमति प्राप्त की गई। बीडीसी केपी सिंह ने डीएम को शिकायत भेजते हुए आरोप लगाया कि ब्लॉक के अधिकारियों द्वारा बैठक की जानकारी नहीं दी जा रही है। आरोप है कि बैठक में कोरम पूरा करने के लिए ग्राम प्रधानों को शामिल किया गया। वहीं, बीडीओ प्रेम चंद ने आरोपों को निराधार बताया है। कहा कि केपी सिंह ने सूचना न देने का आरोप लगाया था, लेकिन अन्य सदस्यों ने समय से सूचना मिलने की जानकारी दी थी। जबकि ब्लॉक प्रमुख सीमा परवीन ने आरोपों को निराधार बताया है। डीएम को दी गई शिकायत में बसंती, पवन कुमार, अनू चौधरी, सुनील कुमार समेत अन्य सदस्यों ने हस्ताक्षर किए हैं।