पेस्टीसाइड के तीन सैंपल लैब में फेल
संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जिला कृषि रक्षा अधिकारी कार्यालय से गत दिनों जनपद में भरे गए सैंपल की रिपोर्ट मिल गई है। विभाग की ओर से भेजे गए 202 में से 164 सैंपल की रिपोर्ट मिल गई है। इनमें से तीन पेस्टीसाइड के सैंपल फेल हुए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सैंपल फेल होने की रिपोर्ट मिलने के बाद इनमें से एक विक्रेता व कंपनी के खिलाफ वाद दायर करने की तैयारी कर ली है। जबकि दूसरे को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांग लिया है।
जनपद में फसलों से संबंधित पेस्टीसाइड की किसान बड़ी तादात में खरीद करते हैं। जनपद में पेस्टीसाइड बेचने वाली दुकानों की भी लंबी फेहरिस्त है। शासन और प्रशासन के आदेश पर समय-समय पर पेस्टीसाइड की दुकानों पर विभाग की ओर से छापा भी मारा जाता है। पिछले दिनों भी शासन और प्रशासन के आदेश पर पेस्टीसाइड की दुकानों पर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान दुकानों से लिए गए पेस्टीसाइड के 202 सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा गया था। इनमें से जो 164 सैंपल की रिपोर्ट लैब से मिली है। उनमें तीन सैंपल फेल हैं। इनमें से प्रोपीनोफॉस प्लस साइपर का सैंपल फेल हुआ है। जांच रिपोर्ट प्रोपीनोफॉस में 40 मानक के सापेक्ष 35.83 फीसदी मानक मिला है। साइपर में 4 मानक के सापेक्ष 1.79 फीसदी ही मानक पाए गए हैं। यह पैस्टीसाइड एक ही है। यह सैंपल अग्रवाल सीड एंड पेस्टीसाइड बुलंदशहर की दुकान से लिया गया था। इस विक्रेता और पेस्टीसाइड बनाने वाली कंपनी पर अब वाद दायर होगा। इसी तरह ट्राईफ्रेनक्रीन में 10 मानक के सापेक्ष 7.06 फीसदी ही मानक मिला है। इसके अलावा लेम्डा साइट्रेलोक्रीन में 5 मानक क सापेक्ष 2.93 फीसदी ही मानक मिला है। यह सैंपल शर्मा एग्री जंक्शन सोरखा अनूपशहर से लिया गया था। इसे विभाग की ओर से अभी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मामले में जिला कृषि रक्षा अधिकारी धनंजय सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से गत दिनों 202 पेस्टीसाइड के सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 164 की रिपोर्ट मिल ई है। इसमें तीन पेस्टीसाइड के सैंपल फेल होने की रिपोर्ट लैब से प्राप्त हो गई है। अब विभाग की ओर से इनसे संबंधित दुकानदारों और दवा कंपनियों पर आगामी कार्रवाई की जा रही है।