अस्पताल में संविदा पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लाख ठगे
बुलंदशहर। नगर निवासी एक युवक की संविदा पर किसी सरकारी अस्पताल में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने बताया कि आरोपी उनका रिश्तेदार है, जो लखनऊ में रहता है। आरोपी ने उन्हें झांसा दिया था कि उसकी स्वास्थ्य विभाग के बड़े अफसरों से जान पहचान है। पीड़ित ने झांसे में आकर उसे तीन लाख रुपये दे दिए। नौकरी न लगने पर रुपये वापस मांगे तो आरोपी उन्हें हत्या की धमकी दे रहा है।
नगर के मोहल्ला साठा निवासी रविंद्र कुमार ने बीते दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनका एक रिश्तेदार लखनऊ में रहता है। कुछ माह पूर्व वह उनके घर आया था। उस दौरान आरोपी रिश्तेदार ने उन्हें उनके पुत्र कुलदीप की अस्पताल में संविदा पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि उनका लखनऊ में स्वास्थ्य विभाग में बड़े अधिकारियों से अच्छे संबंध हैं। वह उनके माध्यम से उनके पुत्र की नौकरी लगवा सकता है। इसके एवज में आरोपी ने उनसे 5 लाख रुपये की मांग की।
पीड़ित ने आरोपी को करीब तीन लाख रुपये दे दिए। साथ ही बाकी रकम काम होने पर देना तय हुआ। लेकिन, पांच माह से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद उनके पुत्र की न तो नौकरी लगी है और न ही उनके रुपये वापस किए गए हैं। बीते दिनों पीड़ित ने जब रुपये मांगे तो आरोपी ने टाल मटोल कर जल्द ही देने का आश्वासन दिया। लेकिन नहीं दिए गए। वहीं, अब पीड़ित ने जब दबाव बनाया तो आरोपी ने रुपये देने से इंकार कर दिया है, साथ ही भविष्य में हत्या की धमकी दी है। पीड़ित ने मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही बताया कि आरोपी उन्हें शिकायत करने पर भी धमकी दे रहा है। संवाद