कोरोना कर्फ्यूू: सड़कों पर पसरा सन्नाटा, दिखे इक्का-दुक्का लोग
बुलंदशहर। जिले में शुक्रवार रात आठ बजे से कोरोना कर्फ्यू शुरू होने के बाद शनिवार को दिनभर जिले की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान शहर के मेडिसिन मार्केट के अलावा जिले भर के अन्य सभी बाजार पूरी तरह से बंद दिखाई दिए। आवश्यक कार्य से निकले इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर नजर आए।
बाजारों के बीच में केवल मेडिकल स्टोर का ही शटर खुला हुआ दिखाई दे रहा था। सरकारी अस्पताल के साथ ही निजी अस्पतालों के बाहर भी कुछ लोग खड़े हुए थे। सभी लोग अपने परिजनों की तबियत खराब होने के चलते उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
मंगलवार सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू लगा हुआ है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है। अतिआवश्यक सेवाओं से जुड़ी मेडिसिन मार्केट में शनिवार को व्यापारी दवाई खरीदने के लिए पहुंचे। जबकि शहर के अन्य बाजार पूरी तरह से सुनसान पड़े हुए थे।