चार दिन बाद खुले बैंक, मिली राहत
बुलंदशहर। चार दिन बाद जब बुधवार को बैंक खुले तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान भीड़ के कारण बैंकों के अंदर खड़े रहना लोगों को मुश्किल हो रहा था। प्रत्येक व्यक्ति अपने रुके हुए कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने लिए इधर से उधर चक्कर लगाते दिखाई दिए। वहीं, उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कैश जमा करने को लेकर पुलिस सुरक्षा की मांग की।
26 अक्तूबर को माह का अंतिम शनिवार, 27 को रविवार और दिवाली, 28 अक्तूबर को गोवर्धन व 29 अक्तूबर को भैयादूज त्योहार के चलते जिले के सभी बैंक लगातार चार दिन बंद रहे। इससे जिलेभर में करोड़ों रुपयों का कारोबार प्रभावित हुआ। वहीं, भीड़ अधिक होने पर व्यापारियों ने बैंक से कैश लेन-देन को लेकर पुलिस सुरक्षा की मांग की। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि चार दिन अवकाश के बाद बड़े व्यापारियों को अधिक रुपये का लेनदेन बैंक से करना पड़ सकता है। इस दौरान बैंक में भीड़ अधिक होने पर असामाजिक तत्व फायदा भी उठा सकते हैं। इनसे व्यापारी की सुरक्षा को लेकर एसएसपी को एक पत्र सौंपकर मांग की है। एसएसपी ने संबंधित व्यापारी द्वारा लिखित में अवगत कराने पर पुलिसकर्मी भेजने का आश्वासन दिया है। जिला अग्रणी बैंक मैनेजर विजय गांधी ने बताया कि चार दिन लगातार अवकाश के कारण शहर के सभी व्यापारियों का लेन-देन रुका पड़ा था। इसी कारण जब बैंक खुली तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान जिले में करीब 300 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ।