बीमारी के चलते बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट की मौत
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक डिप्टी कमांडेंट की ड्यूटी पर तैनाती के दौरान बीमारी के चलते मौत हो गई। रविवार सुबह पार्थिव शरीर घर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। दोपहर को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मूल रूप से गौतमबुद्धनगर के जेवर कोतवाली क्षेत्र के गांव बंकापुर निवासी विनोद कुमार सिंह (57) पुत्र ओमचंद सिंह बीएसएफ की मथुरा स्थित बटालियन में डिप्टी कमांडेंट थे। वर्तमान में उनका परिवार बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राधा नगर में रहता था। बताया गया कि वर्तमान में उनकी तैनाती हरियाणा के झज्जर क्षेत्र में थी। परिजनों के मुताबिक शनिवार को उन्हें सूचना मिली कि ड्यूटी के दौरान विनोद कुमार सिंह की अचानक तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें वहां उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। लेकिन, देर रात ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी झज्जर पहुंच गए थे। रविवार सुबह उनका पार्थिव शरीर बीएसएफ की एक टुकड़ी व अन्य परिजनों के साथ सैन्य वाहन से उनके राधा नगर स्थित आवास पर पहुंचा। दोपहर में देवीपुरा स्थित श्मशान घाट में उनके पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान बीएसएफ के जवानों ने मृतक जवान को अंतिम सलामी भी दी।
सीओ सिटी ने भी दी अंतिम विदाई
जवान के पार्थिव शरीर को सीओ सिटी रविंद्र कुमार ने भी श्मशान घाट पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अन्य प्रशासनिक अफसर भी मौजूद रहे।