दूसरे दिन टोल की 47 प्रतिशत आय हुई प्रभावित
सिकंदराबाद। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए लागू दो दिवसीय कर्फ्यू के दौरान रविवार को भी टोल प्लाजा से होकर गुजरने वाले वाहनों की संख्या में भारी कमी देखी गई। वाहनों की संख्या में कमी आने से टोल की आय 47 प्रतिशत प्रभावित हुई। वहीं, आए दिन टोल पर जाम का सामने करने वाले वाहन चालकों ने राहत महसूस की।
नेशनल हाईवे-91 पर सिकंदराबाद क्षेत्र में लुहारली में टोल बनाया गया है। टोल रिकार्ड के अनुसार आम दिनों में टोल प्लाजा से 20 से 25 हजार वाहन होकर गुजरते है। वाहनों से वसूले जाने वाले टोल शुल्क से टोल प्लाजा को प्रतिदिन 30 लाख रुपये के आसपास आय होती है। हाईवे से होकर गुजरने वाले वाहनों के सापेक्ष टोल प्लाजा पर टोल लाइन कम होने के कारण अक्सर टोल प्लाजा पर जाम के हालात रहते हैं। जाम में फंसकर लंबे समय तक खड़े रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मगर कर्फ्यू के कारण वाहनों की संख्या में कमी आने के कारण जहां टोल की आय प्रभावित हुई वही टोल प्लाजा पर आम दिनों की तरह जाम नहीं लगने के कारण वाहन चालकों को भी किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। टोल मैनेजर अमेंद्र कुमार झा ने बताया कि रविवार को हाईवे से होकर गुजरने वाले वाहनों की संख्या में 47 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। जबकि शनिवार को यह आंकड़ा 48 प्रतिशत था। रविवार को कर्फ्यू होने के बावजूद भी वाहनों की संख्या में शनिवार से एक प्रतिशत अधिक वृद्धि दर्ज की गई।