ग्रामीण क्षेत्र में सेंटर लगाने पर छात्रों में आक्रोश
सिकंदराबाद। नगर के अग्रसेन इंटर कॉलेज का बोर्ड परीक्षा के लिए ग्रामीण क्षेत्र में सेंटर लगाने को लेकर छात्रों में आक्रोश है। परीक्षा केंद्र बदलवाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज पहुंचे। एसडीएम को संबोधित ज्ञापन प्रधानाचार्य को सौंपा। परीक्षा केंद्र नहीं बदलने पर छात्रों ने भूखहड़ताल पर जाने, जनआक्रोश रैली निकालने की चेतावनी दी है।
छात्रों ने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए उनके कॉलेज का परीक्षा केंद्र डीसी इंटर कॉलेज मोहना, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज गेसूपुर को बनाया गया है। बताया कि दोनों ही कॉलेज ग्रामीण क्षेत्र में स्थित है। अग्रसेन इंटर कॉलेज से मोहाना की दूरी 16 कि.मी., गेसूपुर की दूरी 12 कि.मी. है। जो कि बोर्ड परीक्षा केंद्र के नियम के खिलाफ है। बताया कि परीक्षा केंद्रों के ग्रामीणों क्षेत्र में होने के कारण यातायात के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में छात्रों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बताया कि वर्ष 2018 में भी कॉलेज का परीक्षा केंद्र मोहाना इंटर कॉलेज को बनाया गया था। यातायात के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण 30 से अधिक छात्रों की परीक्षा छूट गई थी। वही परीक्षा देने के लिए जाते समय चार छात्र दुर्घटना का शिकार होने के कारण घायल हो गए थे। घायलों छात्रों में एक छात्र की मृत्यु हो गई थी। छात्रों ने छात्र हित में परीक्षा केंद्र को बदलकर किसी ऐसे कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाने की मांग की जहां छात्र आसानी से पहुंच सकें। परीक्षा केंद्र नहीं बदलने की सूरत में छात्रों ने भूख हड़ताल करने, जन आक्रोश रैली निकालने और सुनवाई नहीं होने पर बोर्ड परीक्षा का बहिष्कार किए जाने की चेतावनी दी है।
छात्र हर्ष राठी, विकेश, प्रियांशु भाटी, आशु, अजय, वश, दीपांशु, शान, सोनू, राजू, अंकित, आकाश, पंकज, कृष्णा, जितेंद्र कुमार, मोहित कुमार, पुलकित, कुलदीप, कपिल, आदि मौजूद रहे।