बाहर से आए लोगों की जानकारी देंगे प्रधान-सचिव
सिकंदराबाद। लॉकडाउन के चलते बाहर से गांव में लौटे लोगों की जानकारी नहीं देने पर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव सीधे जिम्मेदार होंगे। उक्त सभी लोगों के स्वास्थ्य के बारे में प्रतिदिन जानकारी लेनी होगी। लापरवाही बरतने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
धातक कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए 25 मार्च से देश भर में लॉकडाउन कर दिया गया था। नगरीय क्षेत्र में काम करने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के लोग लॉकडाउन होने के कारण फंस गए थे। लॉकडाउन के चलते बसें, ट्रेनें और यातायात के अन्य साधनों के बंद होने के कारण नगरीय क्षेत्र में फंसे गांव के लोग पदयात्रा करते अपने गांव की ओर चल दिए थे। कई दिनों की पैदल यात्रा करने के बाद बड़ी मुश्किल से लोग अपने घरों को लौटे थे। बाहर से गांव को लौटने वाले लोगों के कारण गांव में संक्रमण फैलने की आशंका प्रशासन के साथ ग्रामीणों को भी सताने लगी थी। प्रशासन ने बाहर से लौटे सभी लोगों के बारे में जानकारी देने और उनके स्वास्थ्य की बराबर निगरानी करने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव को सौंपी थी। बीडीओ प्रेमचंद ने बताया कि बाहर से गांव को लौटेे सभी लोगों के बारे में जानकारी देने के लिए ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया गया है। बाहर से लौटे युवक और उसके स्वास्थ्य के बारे में सही जानकारी नहीं मिलने पर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव को जिम्मेदार ठहराया जाएगा और लापरवाही बरतने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।