हर माह बनते ही टूट जाती है हाईवे-91 की सड़क
सिकंदराबाद। क्षेत्र से गुजर रहे हाईवे-91 के गड्ढे खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। हर दूसरे माह हाईवे अथारिटी द्वारा कई बार गड्ढों को भरवाया जाता है, लेकिन पैच वर्क इतना खराब होता है कि कुछ दिन बाद ही फिर से हाईवे की सड़क टूट जाती है। हाईवे से गुजरने वाले लोग गड्ढों से होकर गुजरने के लिए मजबूर हैं। जबकि , हाईवे से गुजरने वाले वाहनों से प्रतिदिन लाखों रुपये का टैक्स वसूला जाता है।
हाईवे-91 पर सिकंदराबाद क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़क में पड़े गड्ढे हाईवे अथारिटी के सहाने सफर के दावों को आइना दिखा रही है। नगर क्षेत्र में लालपुर में करीब छह माह पूर्व हाईवे की सड़क पूरी तरह टूट गई थी जो काफी दयनीय स्थिति में थी। इसके अलावा बिलसूरी और कई स्थानों पर सड़क के टूटने के कारण उसमें गड्ढे हो गए थे। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार तो गड्ढों के कारण वाहन चालकों को हादसे का शिकार भी होना पड़ा था। सड़क में गड्ढों का क्षेत्रीय लोगों ने जमकर विरोध किया था। साथ ही हाईवे अथॉरिटी के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से इसकी शिकायत की थी। लगातार शिकायतों के बाद हाईवे अथारिटी ने सड़क में गड्ढों की भरवा दिया था, लेकिन अब फिर से लालपुर, बिलसूरी के आसपास हाईवे की सड़क में गड्ढे हो गए हैं। इसके अलावा सिकंदराबाद से बुलंदशहर के बीच अन्य स्थानों पर भी हाईवे में गड्ढे देखने को मिल रहे हैं। गड्ढों के कारण हाईवे से गुजरने वाले करीब 25 हजार वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वही वाहन चालकों को हादसा होने का डर भी बना रहता है। गांव बिलसूरी में हाईवे निर्माण के वर्षों बाद भी हाईवे की साइड पर फ्लाईओवर का निर्माण नहीं करा पाया है। जिसके चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हाईवे पर गड्ढों को भरने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। आने वाले एक दो दिनों पर हाईवे के सभी गड्ढों को भर दिया जाएगा। लोगों को परेशान नहीं हाने दिया जाएगा। - सीके सिंह, रूट मैनेजर, टोल प्लाजा