15 से 29 फरवरी तक निशुल्क दी जाएगी फास्टैग चिप
सिकंदराबाद। फास्टैग वाहनों की संख्या में बढोतरी करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने आगामी 15 फरवरी से 29 फरवरी तक वाहन चालकों को फास्टैग चिप निशुल्क देने के निर्देश दिए है।
बता दें कि टोल प्लाजा पर फास्टैग व्यवस्था के लागू होने के बाद से ही फास्टैग वाहनों की संख्या कम होने के कारण टोल प्लाजा पर अक्सर जाम की स्थिति देखने को मिल रही है। जाम के कारण जहां वाहन चालकों को परेशानी होती है। वहीं टोल कर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यवस्था के लागू होने के बाद से ही टोल प्लाजा कर्मी वाहन चालकों को फास्टैग का प्रयोग करने के लिए जागरूक कर रहे हैं। फिर कैश में टोल टैक्स देने वाले वाहनों की तुलना में अपेक्षाकृत फास्टैग वाहनों की संख्या कम है। टोल मैनेजर बजरंग सैनी ने बताया कि फास्टैग वाहनों की संख्या बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 15 फरवरी से 29 फरवरी तक वाहन चालकों को फास्टैग चिप निशुल्क देने का निर्देश दिए है। बताया कि पूर्व में फास्टैग चिप के लिए वाहन चालक से 100 रुपये का शुल्क वसूला जाता था। बताया कि वाहन चालक पंजीकरण प्रमाणपत्र के साथ किसी भी नजदीकी बिक्री केंद्र से फास्टैग चिप निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। बताया कि वाहन चालक एनएचएआई के सभी टोल प्लाजा, आरटीओ, सामान्य सुविधा केंद्रों, परिवहन केंद्रों, पेट्रोलपंप आदि से फास्टैग चिप प्राप्त कर सकते हैं।