भरी पंचायत में पति ने पत्नी को दिया तीन तलाक
चोला। समझौते के लिए बुलाई गई पंचायत में शुक्रवार को पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पीड़ित ने पति व ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
चौकी क्षेत्र के गांव निवासी विवाहिता ने बताया कि मई 2016 में उसकी शादी थाना डप्पल जनपद अलीगढ़ क्षेत्र के गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये नगदी की मांग करने लगे। बताया कि उसका पति चालक है और अक्सर बाहर रहता है। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके पति की गैर मौजूदगी में कई बार उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। जब इस बारे में उसने अपने पति, ससुरालियों को बताया तो उन्होंने उल्टे उसके साथ मारपीट की और किसी ने बताने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले की जानकारी होने पर उसके मायके के लोगों ने समाज के संभ्रांत लोगों के साथ ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। चार माह पहले उसका पति उसे गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गया। तब से वह अपने मायके में रह रही थी। बताया कि विवाद को सुलझाने के लिए शुक्रवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में समाज के संभ्रांत लोगों को बुलाया गया था। पंचायत में उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और अपने परिवार के लोगों के साथ पंचायत छोड़कर चला गया। पीड़ित ने पति, ससुर और दो जेठ के खिलाफ तहरीर दी है। चौकी प्रभारी आनंदवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।