घर से बुलाकर गोली मारने का मामला - तीन नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सिकंदराबाद। युवक को घर से बुलाकर गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने गांव के तीन लोगों समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की बात कह रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलसूरी निवासी सेंसरपाल पुत्र कुंवरपाल सिंह ने तहरीर देते हुए बताया था कि बुधवार की दोपहर करीब 2.30 बजे गांव निवासी तीन युवक अपने एक अज्ञात साथी के साथ उसके पुत्र विवेक चौधरी उर्फ बिट्टू को घर से बुलाकर अपने साथ ट्यूबवेल पर ले गए। शाम छह बजे विवेक ने घर पर फोन कर कहा कि चार-पांच लोगों का खाना बना लेना। 6.30 बजे के करीब विवेक घर दौड़ता हुआ आया। उसके सिर में चोट लगी थी। बाई ओर कंधे से खून बह रहा था। विवेक ने बताया कि उक्त सभी लोगों ने उसे गोली मार दी। बताया कि उन्होंने विवेक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सेंसर पाल की तहरीर पर बिलसूरी निवासी तीन लोगों समेत एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।